बैरगनिया, सीतामढ़ी, बिहार
सीतामढ़ी के एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना बैरगनिया नगर के अशोगी गांव की है। गुरुवार रात 11 बजे युवक किसी कारण अपने घर से बाहर निकला था। देर रात करीब 12 बजे घर के दरवाजे पर उसकी लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली। शरीर जख्म के कई निशान थे। अपराधियों ने पहले युवक के हाथ, पैर और शरीर के अन्य भाग पर धारदार हथियार से वार कर जख्मी कर दिया फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों पता लगाया जा रहा है। युवक किस काम से और किससे मिलने रात के 11 बजे घर से बाहर निकला था इस बात की भी जांच की जा रही है। उसके फोन कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतक की पहचान अशोगी गांव निवासी 38 वर्षीय रंजीत सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों का कहना है कि रंजीत राजमिस्त्री के साथ मजूदरी करता था। मेहनत कर किसी तरह अपने परिवार का भरण पोषण करता था। गुरुवार रात अचानक किसी काम से घर से बाहर निकला था। काफी देर बाद जब नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन करने लगे। इसी दौरान घर के दरवाजे पर उसकी लाश मिली। ऐसा प्रतीत होता है अपराधियों ने किसी अन्य जगह उसकी हत्या की और दरवाजे पर उसकी लाश को फेंक दिया। परिजनों का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी फिर भी किसने और क्यों उसकी हत्या की? यह जांच का विषय है।
0 टिप्पणियाँ